मिल्कीपुर-अयोध्या। नगर पंचायत कुमारगंज के पूरे सोन गांव निवासी अच्छाराम के घर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर जब तक काबू पाती तब तक सारी गृहस्थी जलकर राख हो गई। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत कुमारगंज बवां पूरे सोन गांव निवासी अच्छाराम पुत्र जगरूप कहीं अपने रिश्तेदारी में मिट्टी में गए हुए थे, उनकी पत्नी अपनी 10 वर्षीय नातिन के साथ दोपहर में खाना बना रही थी। उसी बीच अचानक छप्पर के मकान में आग लग गई आग के लपटें देख लोग गुहार लगाना शुरू किया गुहार की आवाज सुनकर जब घर में खाना बना रही हंसराजी घर के बाहर निकली तो देखी कि उनका घर जल रहा है।लोग बाल्टी से आग बुझाने में जुटे लेकिन काफी ऊंचाई के चलते बल्टी का पानी वहां तक नहीं पहुंच पा रहा था, आग की लपटें तेज होती जा रही थी।
मौके पर पहुंचे ओमप्रकाश सिंह ने आग लगने की जानकारी फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर फायर ब्रिगेड के दीवान विजय प्रकाश द्विवेदी, वाहन चालक पंच बहादुर सिंह, फायरमैन विकास चंद्र व मनोज कुमार पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। लेकिन जब तक आग पर काबू पाते तब तक घर में रखी लाखों रुपए की घर गृहस्थी जलकर राख हो गई।
अग्नि पीड़ित परिवार ने बताया कि घर में रखे अनाज समेत अन्य सामान भी जल गए हैं अब हमारे पास कुछ खाने के लिए भी नहीं बचा है। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे कुमारगंज बाजार मालिक विजय कुमार उपाध्याय ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने की बात कही। उपखंड अधिकारी विद्युत कुमारगंज संतोष कुमार का कहना है कि घटना की जानकारी मुझको नहीं है फिलहाल यदि घर में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है तो उसमें मैं क्या कर सकता हूं।