सीतामढ़ी: तपस्वी छावनी अयोध्या के पीठाधीश्वर जगतगुरु परमहंस जी महाराज ने कहा कि भारत के हिंदू राष्ट्र घोषित होते ही भगवान श्री राम की सहधर्मिणी जगत जननी माता की पावन स्थली सीतामढ़ी मंदिर में वे भक्तों की मदद से सवा पांच क्विंटल स्वर्णदान करेंगे।
वे शनिवार को अपने शिष्यों संग सीतामढ़ी पहुंचे और मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने सीतामढ़ी में भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने का संकल्प भी लिया। कहा कि अयोध्या में श्री रामलला मंदिर निर्माण का मार्ग सीतामढ़ी की पावन मिट्टी पहुंचने से प्रशस्त हुआ था।
अब अयोध्या में रामलला का भव्य-नव्य मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है। तो अब समय आ गया है कि माता सीता की आश्रय स्थली सीतामढ़ी में स्थित माता रानी का भव्य मंदिर स्वर्ण जड़ित हो।
इसके लिए वे संकल्प लिए की भारत के हिंदू राष्ट्र घोषित होते ही वे सीतामढ़ी स्थित माता सीता जी के मंदिर में सवा पांच क्विंटल सोना दान करेंगे। कहा कि हिंदू राष्ट्र बनने से ही राष्ट्र का सर्वांगीण विकास होगा। मौके पर मंदिर प्रबंधक कैलाश चंद्र, विष्णु प्रकाश सेठ, श्यामबहादुर सिंह, सुरेश शुक्ला आदि रहे।
महंत परमहंस जी महाराज का सीतामढ़ी से बेहद दिली लगाव है। अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए परमहंस जी महराज ने सीतामढ़ी में कई बार यज्ञ पूजन किया था। उन्होंने श्री सीता समाहित स्थल मंदिर से सीतामढ़ी की पवित्र मिट्टी, महर्षि वाल्मीकि आश्रम प्राचीन सीता मंदिर से लवकुश कुमारों के साथ भगवान हनुमानजी की प्रतीकात्मक मूर्ति वैदिक मंत्रोचार के बीच अयोध्या ले गए थे।