सुल्तानपुर। यूरिया की किल्लत का संकट कम नहीं हो रहा है। शासन के निर्देश पर प्रशासन ने व्यवस्था को अपने हाथ में ली है, बावजूद इसके समितियों पर महिलाओं व पुरुष किसानों की रात से कतार लग रही है। महिलाएं चूल्हा-चौका छोड़ भोर से कतार में लग रही हैं। कोई चार दिन से तो कोई एक सप्ताह से समिति का चक्कर काट रहा है।
शुक्रवार भोर में चूल्हा-चौका काम छोड़ महिलाएं कूरेभार के साधन सहकारी समिति सैदखानपुर में यूरिया लेने के लिए जमा हो गईं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एस सुधाकरन ने बरौंसा, जयसिंहपुर व कादीपुर के इफ्को सेंटरों का निरीक्षण करके गोदाम का सत्यापन किया। नूरपुर अल्देमऊ के कृषक सेवा केंद्र बंद होने व संचालक का मोबाइल ऑफ होने पर एडीएम ने जिला कृषि अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बताया कि 2600 मीट्रिक टन यूरिया की रैक जल्द पहुंचने वाली है।
बल्दीराय क्षेत्र में खाद की किल्लत को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी प्रवीण कुमार, उप कृषि निदेशक रामाश्रय यादव व पुलिस क्षेत्राधिकारी सौरभ सामंत की संयुक्त टीम ने चार समितियों हलियापुर, इसौली, कांपा और मीरपुर का निरीक्षण किया।
Tags
यूरिया की किल्लत