अयोध्या। मौसम विभाग ने बताया है कि पर्वतीय राज्यों के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार में भी शीत लहर चलेगी। एक सप्ताह तक यह दौर जारी रहेगा।
देश के कई राज्यों में लगातार तापमान गिरने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही है बर्फबारी से ठंड और बढ़ गई है। मैदानी इलाकों में ठंड हवाएं चल रही हैं।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कुछ राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से लेकर अगले तीन दिन तक तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में तेज तूफान के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान में तापमान में गिरावट होगी और शीतलहर चल सकती है। 3 दिन तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। इसके अलावा यूपी, दिल्ली, पंजाब हरियाणा समेत अन्य राज्यों में कोहरा और ठंड बढ़ेगी। कश्मीर घाटी में रविवार को भी बर्फबारी हुई है जिसके कारण उत्तरी इलाकों में शीतलहर चल रही है। उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों और मध्य प्रदेश के लगभग सभी मंडलों में हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जम्मू-कश्मीर में असामान्य भारी बर्फबारी को प्राकृतिक आपदा घोषित कर दिया गया है। प्राकृतिक आपदा घोषित होने के बाद अब बचाव कार्यों में तेजी आएगी। इसके साथ ही बर्फबारी से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कश्मीर के सभी जिला उपायुक्तों और एसएसपी स्तर के पुलिस अधिकारियों को बर्फबारी से प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत कार्य तेज करने को कहा है।