अयोध्या। आयुक्त सभागार में मण्डलायुक्त नवदीप रिणवा की अध्यक्षता में अयोध्या धाम व उसके आसपास चल रही विकास परियोजनाओं, निर्माण कार्यो की समीक्षा जिलाधिकारी नितीश कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी अनिता यादव, परियोजना निदेशक आर0पी0 सिंह की उपस्थिति में की गयी। समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने सभी अधिकारियों से कहा कि बैठक में पूरी तैयारी से आये। आधी अधूरी जानकारी लेकर न आयें, बुकलेट में जो प्रारूप है उनके सभी बिन्दुओं को अपनी देखरेख में भरायें। गलत आकड़े न फीड हो इसके लिए आवश्यक है कि इन आकड़ों का विधिवत मिलान के पश्चात ही उस पर हस्ताक्षर करें। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि कल सुबह उनके द्वारा अयोध्या परिक्षेत्र का भ्रमण किया गया।
इस दौरान सुलभ शौचालय का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान सुलभ शौचालय में पर्याप्त साफ सफाई न मिलने पर बैठक में उपस्थित अपर नगर आयुक्त के समक्ष नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि दूसरे सुलभ शौचालय में एक व्यक्ति का परिवार रह रहा था और वहां पर सुलभ शौचालय का संचालन होता नही पाया गया। यह स्थिति तब है जब मुख्यमंत्री एवं मेरे द्वारा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिये जा चुके है। अपर नगर आयुक्त ने नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न कार्यो का व्यौरा प्रस्तुत किया। समीक्षा के दौरान कान्हा गौशाला के निर्माण जिसकी लागत 8 करोड़ 52 लाख 57 हजार रूपये है, का निर्माण शीघ्र पूरा करें। पंडित दीन दयाल उपाध्याय योजना अन्तर्गत अयोध्या के 33 पार्को का 6 करोड़ 12 लाख की लागत से कायाकल्प किया जाना है। इस प्रोजेक्ट के तहत 5 करोड़ का ऋण नगर निगम को स्वीकृत किया गया है जिसके सापेक्ष 50 लाख रूपये अवमुक्त किया जा चुका है।