पीलीभीत। सांसद वरुण वसीयेगांधी बुधवार को दो दिवसीय संसदीय क्षेत्र के दौरे पर बहेड़ी होते हुए यहां पहुंचे। रिछा-जहानाबाद तिराहे पर सांसद का जोरदार स्वागत किया गया। उसके बाद उनका काफिला अमरिया के ग्रीनलैंड पैलेस पहुंचा। यहां आयोजित एक विशाल जनसभा में स्वागत उपरांत सांसद वरुण गांधी ने जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि अपने जीवन में अगर कुछ बड़ा करना है तो इस देश के लिए त्याग करना होगा। यह देश सबका है इसमें सब का रंग और खुश्बू शामिल है। लेकिन वर्तमान में देश की स्थिति पर चिंतन करने की जरूरत है। इस समय देश महंगाई, बेरोजगारी आदि तमाम समास्याओं की झेल रहा है। जो लोग राजनीति को व्यापार बनाने के काम में लगे हैं उनको जवाब देना होगा। अपने देश को ऊंचा करने के लिए हमें अपने आचरण और जमीर को ऊंचा करना होगा।
अंतरात्मा की आवाज सुनिए, शांत मत बैठिए अगर किसान, मजदूर, नौजवान, अध्यापक, व्यापारी, वकील, पत्रकार सब शांत हो जाएंगे तो हमारे देश का लोकतंत्र शांत हो जाएगा। देश में लोग इस समय बहुत मुश्किल परिस्थितियों में जी रहे हैं। हम सब जानते हैं कि देश की बैंकें किसान और छोटे अन्य जरूरतमंद लोगों पर बहुत सख्त और अमीरों और उद्योगपतियों पर बहुत मेहरबान हैं।
वरुण गांधी ने कहा कि देश में सरकार की तरफ से एक करोड़ 60 लाख रोजगार घोषित है लेकिन नौकरियां नहीं दी जा रही है। उन्होंने सवाल किया क्या इन नौकरियों के लिए किया जाने वाला आर्थिक प्रबंधन कहीं और तो नहीं खर्च कर दिया गया है। आए दिन पेपर लीक होने की खबरें मिलती हैं और करोड़ों लोगो का भविष्य बर्बाद हो जाता है, हम यह सब कब तक देखते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों का इस्तेमाल करिए, सवाल उठाइए, हिसाब मांगिये। जय हो को जय हिंद में बदलिए। दिखा दीजिए हमारी रगों में हमारे वीरों का खून है। बोले कि खुशी है कि यहां हिंदू मुस्लिम सिख आदि सब साथ मिलकर बैठे हैं। हम सब एक हैं। हम सब हिंदुस्तानी हैं। हम सब समान अधिकार के मालिक हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया जरूरत पड़ने पर वह सबके स्वाभिमान की रक्षा करने में जान की बाजी लगाने से पीछे नहीं हटेंगे।