वाराणसी। विकास प्राधिकरण (वीडीए) की जोन-1 प्रवर्तन टीम ने सिकरौल वार्ड के नदेसर में भवन सील कर दिया। बिना अनुमति के बेसमेंट में निर्माण कराए जाने पर प्रवर्तन दल ने कार्रवाई की। इससे खलबली मची रही।
वार्ड-सिकरौल के नदेसर स्थित विनय कुमार जायसवाल के मकान संख्या एस 17/25-03 का विकास प्राधिकरण की टीम ने निरीक्षण किया। जी+3 पूर्ण निर्मित भवन में बिना आवश्यक अनुमति के बेसमेंट का अवैध निर्माण हो रहा था। प्राधिकरण के नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल भवन को सील कर दिया और इसे पुलिस अभिरक्षा में थाना कैंट को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी सिंह गौरव और अवर अभियंता अतुल मिश्रा उपस्थित रहे।
विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने लोगों से अपील किया कि स्वीकृत मानचित्र के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न करें। प्राधिकरण द्वारा स्वीकृति के बिना किए गए निर्माणों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags
अवैध निर्माण सील