चंदौली। सिक्स लेन के लिए पड़ाव चौराहे पर 40 से ज्यादा दुकानें तोड़ी जाएंगी। इसके लिए बुधवार को पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर ने पड़ाव चौराहे का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पैमाइश कराने के बाद लाल निशाना लगाया। इस कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
अधिशासी अभियंता राजीव कुमार सिंह ने प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ मौके का जायजा लिया। साथ ही सड़क की जद में आ रहीं दुकानों और घरों में लाल निशान लगाया गया। इससे आसपास के दुकानदार और भवन स्वामी सकते में आ गए। तोड़े जाने वाली एरिया पर लाल निशान लगा दिया गया है।
इसके पहले चंदौली जिले में पड़ाव से मुगलसराय होते हुए गोधना मोड़ तक बनने वाले सिक्स लेन चौड़ीकरण के बीच में बाधा बन रही मलिन बस्तियों को कहीं और शिफ्ट करके लोगों को बसाया जा रहा है। जिससे उन सबको आशियाना मिल सके। सड़क बनाये जाने से विस्थापित होने वाले तथा पीड़ित लोगों को हरिशंकरपुर में कुल 12 परिवारों में प्रत्येक को 23 वर्गमीटर भूमि आवंटित की गई।