अयोध्या। अब अंतरराष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालु नाव पर बैठ कर त्रेता युग का आभास कर सकेंगे और अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से भगवान श्रीराम व रामकथा से जुड़े विविध प्रसंगों का दृश्यांकन देख सकेंगे। यह सब उच्च गुणवत्ता वाली तकनीक से डिजिटलाइज्ड प्रसारित होगा। प्रत्येक श्रद्धालु को सात से आठ मिनट तक का अवसर मिलेगा।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने संग्रहालय परिसर में तकनीकी अड़चनों के कारण पूर्व में प्रस्तावित पुष्पक विमान के प्रोजेक्ट को स्थगित कर दिया है। अब इमर्सिंग शो के माध्यम से परिसर में मर्यादा पुरुषोत्तम राम के जीवनवृत्त का चित्रण होगा।
गैलरियों में भगवान श्रीराम, रामकथा व रामायण से जुड़े देश भर में प्रचलित प्रदर्श व पुरावशेष प्रदर्शित किए जाएंगे। कुल 20 गैलरियों में पांच पूरी तरह से डिजिटलाइज्ड होंगी, जिनमें से चार राम व एक हनुमान जी को समर्पित रहेगी। इसमें 3-डी, 5-डी व 7-डी तकनीक के आधार पर जीवनवृत्तों का प्रसारण होगा। इनके अतिरिक्त ट्रस्ट की ओर से एक प्रोजेक्ट पुष्पक विमान का भी था।