लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के गुलालखेड़ा गांव में मजदूर युवक की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने रविवार को सफल खुलासा कर दिया। रंजिश के चलते अंडा दुकानदार ने नशे की हालत में पड़े युवक को लोहे की रॉड से सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने आरोपी को आलाकत्ल सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।जानकारी के अनुसार गुलालखेड़ा निवासी ओमप्रकाश की गुरुवार को रात करीब आठ बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार सुबह खोजबीन के दौरान परिजन गांव के पास शारदा नहर की बाई पटरी पर पहुंचे, जहां अंडा रोल की दुकान चलाने वाले अरविंद के तिरपाल के पास ओमप्रकाश की चप्पल मिली। आसपास तलाश करने पर नहर पटरी के नीचे झाड़ियों में ओमप्रकाश का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची नगराम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की मां गीता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। रविवार को मामले का खुलासा करते हुए एडीसीपी रल्ला पल्ली वसन्थ ने बताया कि सर्विलांस सेल सहित गठित पुलिस टीमों ने टेक्निकल व मैनुअल साक्ष्यों तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर घटना में संलिप्त गुलालखेड़ा निवासी अरविंद कुमार उर्फ अरुण को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक ओमप्रकाश और आरोपी अरविंद के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। करीब दो माह पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, तभी से आरोपी मन में रंजिश पाले हुए था।
एडीसीपी के अनुसार गुरुवार देर शाम ओमप्रकाश अपने साथियों मन्नू, मोनू, आशीष गौतम और पवन के साथ अरविंद की दुकान पर अंडा खाने और शराब पीने पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आरोपी ने ओमप्रकाश पर तंज कसा। अधिक नशे में होने के कारण ओमप्रकाश वहीं जमीन पर लेट गया। उसके साथियों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर सभी अपने-अपने घर चले गए और अरविंद भी दुकान समेटकर चला गया।पुलिस के मुताबिक आरोपी को यह मौका बदला लेने के लिए मुफीद लगा। देर रात वह घर से लोहे की पाइप लेकर झाड़ियों के रास्ते वापस दुकान के पास पहुंचा, नशे में पड़े ओमप्रकाश को नहर पटरी से नीचे घसीटकर ले गया और लोहे की पाइप से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। एसओ नगराम विवेक चौधरी ने बताया कि आरोपी अरविंद कुमार उर्फ अरुण को अचलीखेड़ा बैराज के पास से गिरफ्तार किया गया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप और घटना के समय पहनी गई जींस पैंट बरामद की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Tags
हत्या का खुलासा।