बाराबंकी। गांवों की आंतरिक गलियां अब पक्की होकर चमाचम होंगी। संपर्क मार्गों पर सीसी रोड का निर्माण होगा। जिले में त्वरित आर्थिक विकास योजना से 61 निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) की ओर से 24 करोड़ 35 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्माण कराए जाएंगे। वित्तीय व प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद छह करोड़ सात लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी हो गई है।
सूरतगंज, निंदूरा, हैदरगढ़, बनीकोडर, दरियाबाद, फतेहपुर, रामनगर, सिद्धौर समेत लगभग सभी ब्लाक के गांवों को इन परियोजनाओं से सीधा लाभ मिलेगा। नगर पंचायत टिकैतनगर, दरियाबाद, फतेहपुर, सुबेहा, हैदरगढ, रामसनेहीघाट व रामनगर में प्रकाश व्यवस्था के लिए लाइटें लगाई जाएंगी।
हैदरगढ़, रामसनेही घाट व फतेहपुर तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के शेड व चैंबर बनाए जाएंगे। अधिशाषी अभियंता ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
Tags
गांव की गलियां