वशिष्ठ महोत्सव ने जगाई सांस्कृतिक चेतना, खेल प्रतिभाओं का हुआ महाकुंभ।


        बस्ती के शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय “वशिष्ठ महोत्सव” का भव्य और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत समापन हुआ। बस्ती स्थापना दिवस पर आयोजित इस विराट आयोजन ने सांस्कृतिक चेतना, खेल प्रतिभा और भारतीय परंपरा के अद्भुत संगम का दृश्य प्रस्तुत किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं भाजपा नेता राणा दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव ने यह संदेश दिया कि बस्ती केवल एक जनपद नहीं, बल्कि ऋषि परंपरा और सांस्कृतिक गौरव की भूमि है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय चौधरी तथा विशिष्ट अतिथि राजेंद्र नाथ तिवारी ने महर्षि वशिष्ठ की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दोनों अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति की जड़ों को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।
मुंबई से आए प्रसिद्ध भजन गायक नीरज तिवारी ने “राम जी की सेना चली”, “अभी जरा ठहरो राम”, “जय श्रीराम बोलेगा” जैसे गीतों से पूरे स्टेडियम को भक्तिमय और राष्ट्रवादी भाव से भर दिया। वहीं लखनऊ से आई लोक गायिका कल्पना पांडेय ने अपने भोजपुरी और देवी गीतों से दर्शकों का मन मोह लिया। हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों ने देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने