मिल्कीपुर-अयोध्या। जिले के तहसील मिल्कीपुर में एडीएम प्रशासन संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें 98 शिकायती प्रार्थना पत्र लोगों द्वारा प्रस्तुत किए गए। जिनके सापेक्ष मात्र तीन शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया गया। शिकायतकर्ताओं में कौशल किशोर व अमरेश कुमार निवासी चमैला ने शिकायती प्रार्थना पत्र देते हुए गाटा संख्या 172 क व ख की पैमाइश कराने की मांग की। मजनाई निवासी श्रीराम यादव ने शिकायत किया कि उसके पुश्तैनी कुँँए को ग्राम पंचायत द्वारा जीर्णोद्धार कराया गया था। जिसे विपक्षी लाल बहादुर आदि ने जबरन उखाड़ कर फेंक दिया। जिस पर एसडीएम मिल्कीपुर ने खंड विकास अधिकारी को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पंडोकिया निवासी सवला देवी ने शिकायत किया कि धारा 24 की कार्रवाई लंबित होने के बावजूद विपक्षी द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। जिसे रोकने का निर्देश एसडीएम द्वारा तहसीलदार को दिया गया। कोटडीह निवासी रमेश कुमार ने शिकायत किया कि राशन कार्ड बनाने के लिए उसने कई बार आवेदन किया परंतु अभी तक उसका राशन कार्ड नहीं बना।
समाधान दिवस में एसडीएम मिल्कीपुर दिग्विजय प्रताप सिंह, तहसीलदार मिल्कीपुर अरविंद त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर कोमल प्रसाद मिश्रा, एसडीओ विद्युत ऋषिकेश यादव सहित तीनों थानों के थानाध्यक्ष तथा अन्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।