संपत्ति और नौकरी की लालच में अपनी विकलांग शिक्षिका पत्नी को ही मार डाला, आरोपी पति सहित तीन गिरफ्तार
अयोध्या। जिले में एक विकलांग शिक्षिका की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्यारा कोई और नहीं उसका पति है। पुलिस ने हत्या आरोपी पति व उसके दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया है। और उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
हत्या की वारदात जनौरा स्थित परशुराम नगर कॉलोनी की है। बबली सिंह नामक शिक्षिका यहीं पर नया घर बना कर अपने पति अनिल सिंह वह 3 साल के बेटे के साथ रहती थी। जानकारी के अनुसार नौकरी और मकान के लालच में की गई हत्या।
प्रथम सूचना रिपोर्ट में कहा गया है कि बबली के पति के दिमाग में बबली की जगह पर नौकरी हासिल करना और उसकी संपत्ति व मकान हड़प करना चल रहा था। इसी बीच कल मंगलवार को दोपहर में मकान के भूतल में ही आरोप है कि 3 लोगों ने गला कसकर बबली की हत्या कर दी और हत्या का राज छुपाने के लिए शव को मकान के प्रथम तल पर ले जाकर रख दिया। यही नहीं बबली के पति ने उसके मायके वालों को सूचना दी बबली का हार्ट अटैक से निधन हो गया। लेकिन मौके पर पहुंचे परिवार वालों ने शव देखा तो हत्या का राज खुल गया। पत्नी का हत्यारा अनिल सिंह मूल रूप से नारा अढ़नपुर थाना मुसाफिरखाना जिला अमेठी का रहने वाला है। दो अन्य गिरफ्तार भी वही के बताए जा रहे हैं। शिक्षिका बबली की तैनाती वर्तमान समय में अयोध्या जनपद के फैजाबाद शहर से सटे हुए उसुरू जूनियर हाई स्कूल में थी।