बस्ती। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मिशन पर्यावरण संरक्षण संस्था की ओर से चलाये जा रहे साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत जनपद के अलग अलग स्थानों पर कराये गये पौधरोपण में सराहनीय योगदान करने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों व पत्रकारों को मुख्य विकास अधिकारी डा. राजेश कुमार प्रजापति ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
सभी का उत्साहवर्धन करते हुये उन्होने कहा पर्यावरण संरक्षण, योगाभ्यास आदि राष्ट्रीय कार्यक्रमों में योगदान देने वाले लोग प्रशासन का परोक्ष रूप से सहयोग करते हैं। प्रशासन भी ऐसे लोगों के साथ हमेशा खड़ा रहता है। मॉडल प्राथमिक विद्यालय मुसहा के प्रधानाध्यापक रामसजन यादव ने कहा जागरूक शिक्षकों की टीम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
एक सप्ताह चले पौधरोपण कार्यक्रम के बाद 21 जून को आयोजित हो रहे योग दिवस को सफल बनाने की दिशा में प्रयास शुरू किये गये हैं। उन्होने कहा नियमित योग से शरीर निरोगी रहता है और कार्य करने की शक्ति बढ़ जाती है।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सम्मानित किय जाने वालों में प्रमुख रूप से रामसजन यादव, पत्रकार अशोक श्रीवास्तव, शम्भूनाथ गुप्ता, सामाजिक कार्यकत्री स्तुति सिंह, रामजीत यादव, दशरथनाथ पाण्डेय, अखिलेश कुमार, सुखराम यादव, जनार्दन प्रसाद शुक्ल, संजय चौहान, जगदीश कुमार चौहान, विनोद कुमार यादव, फूलचंद, अभिषेक कुमार, मुरलीधर आदि शामिल रहे।