इंदौर में सेवा सुरभि द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन खूब रोईं। अयोध्या से लौटकर भगवान राम के दर्शन के बाद अपने अनुभवों को सुनाते हुए वे रोने लगीं और उन्होंने कहा कि मैं वह अनुभव सुनाते समय खुद पर नियंत्रण नहीं रख सकती। भगवान राम को देखकर मुझे वहां भी आंसू आ गए थे और आज उस अनुभव को सुनाते वक्त फिर मेरी आंखें नम हो गई हैं।
पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने कहा वहां हर बड़ा व्यक्ति भी छोटा था। राम के दरबार में सब आम व्यक्ति बनकर गए। वहां की व्यवस्था में सब लगे हुए थे। अब राम राज्य आएगा। वह दृश्य देखने के लिए आंखें तरस गईं थीं। जी भरकर देखेंगे, हमने भी तो योगदान दिया है। यह भाव सभी में था। इतना बड़ा आयोजन हो गया, लेकिन किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। अपनी लाठी से एक साधु ने पुलिस वाले की पिटाई की लेकिन पुलिस वाले ने खुशी-खुशी पिटाई खा ली। ताई ने कहा कि जब मैंने रामलला को देखा तो आंखों में आंसू आ गए। पर मैंने जब रामलला की आंखों में देखा तो लगा कि उनकी आंखें भी नम हैं। जैसे वो कह रहे हों कि मैं आ गया। ये अनुभव में कभी नहीं भूलूंगी।
अयोध्या से लौटकर अपने अनुभव सुनाते हुए गुरमीत नारंग ने कहा ईश्वर के दरबार से मुझे सम्मान मिला और राम मंदिर जाने का न्यौता मिला। पीएम मोदी ने जब कहा अब हमारे राम आ गए हैं तो सबकी आंखों में आंसू आ गए। राम विजय नहीं विनय हैं।