यूपी में फिर गरजा सीएम योगी का बुलडोजर, भारी विरोध के बीच टूटा लोगों का आशियाना

          वाराणसी। पांडेयपुर चौराहे से रिंग रोड तक सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे भवनों को जिला प्रशासन ने भारी विरोध के बीच तोड़ दिया। अपना आशियाना टूटता देख कई महिलाएं बुलडोजर के सामने आ गई। महिला पुलिस के हटाने पर सड़क पर लेट गई लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनीं और उन्हें किनारे कर दिया। उसके साथ ही बुलडोजर गरजता रहा।
           हाईवे और रिंग रोड से आने वाली छह सड़कों के चौड़ीकरण को लेकर करीब डेढ़ वर्ष से काम चल रहा है। राजस्व कर्मियों के सहयोग से लोक निर्माण विभाग अवैध निर्माण चिह्नित करने के साथ वैध निर्माण और जमीन का मुआवजा बांट रहा है लेकिन ज्यादातर लोगों के पास अपनी जमीन का रिकार्ड नहीं है या वे लोक निर्माण विभाग को नहीं दे पा रहे हैं जिससे मुआवजा देने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है।   
        इसको लेकर शासन ने नाराजगी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी एस राजलिंगम को चिह्नित निर्माण को तोड़वाने का निर्देश दिया है। बुधवार को रामनगर और गुरुवार को आजमगढ़ मार्ग पर तोड़ने की कार्रवाई हुई। मढ़वा सोएपुर के राजकुमार गुप्ता तथा अन्य लोगों का कहना है कि जिन लोगों के भवन को नहीं तोड़ने का कोर्ट से स्टे है, उसे भी जिला प्रशासन ने जबरन तोड़ दिया।
      कार्रवाई के चलते इस मार्ग पर एक किलोमीटर तक लंबा जाम लगा रहा कार्रवाई के दौरान एडीएम सिटी आलोक वर्मा, डिप्टी कलेक्टर माल पिनाकपणी त्रिपाठी, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता तथा दुर्गेश सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने