प्रादेशिक समाचार : उत्तर प्रदेश सरकार ने होली पर्व के अवसर पर राजधानी लखनऊ से गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज के लिए अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है। गौरतलब है कि होली में उत्तर प्रदेश के कई लोग अपने घर जाते हैं या फिर दोस्तों, रिश्तेदारों और करीबियों से मिलने के लिए उनके घर जाते हैं, ऐसे में उत्तर प्रदेश के सभी जिले के बस अड्डों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। भारी भीड़ के चलते यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, कई बार तो यात्रियों को बसों में सीट न मिलने पर खड़े होकर भी यात्रा करनी पड़ती है। इन्ही परेशानियों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन ने अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है।।।
बसों का समय
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि परिवहन निगम की सभी एसी बस सेवाओं के किराये में 10 फीसदी की छूट चल रही है। यात्री इस छूट का लाभ 31 मार्च तक ले सकेंगे। इस दौरान यात्री परिवहन निगम की वोल्वो, शताब्दी, स्लीपर, जनरथ बसों में सस्ते किराये में सफर कर सकते हैं। वाराणसी के लिए सुबह 8, दोपहर तीन और रात 10 बजे रवाना होगी। वहीं प्रयागराज के लिए शाम 6, 7, 8, और रात 10 बजे बस रवाना होगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के लिए सुबह 10:30 बजे वोल्वो आलमबाग से रवाना होगी।