बुलडोजर चला: दिल्ली के करीब साइबर सिटी गुरुग्राम के उल्लावास गांव में डेढ़ एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बसी झुग्गी झोपड़ियों को नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
आज नगर निगम के सहायक अभियंता (एनफोर्समेंट) कृष्ण कुमार अपनी टीम के साथ जेसीबी व पुलिस बल लेकर गांव उल्लावास पहुंचे. यहां पर लगभग डेढ़ एकड़ नगर निगम की जमीन पर झुग्गियां व टीन शेड नुमा स्ट्रक्चर बनाकर अवैध रूप से कब्जा किया हुआ था. टीम ने जेसीबी की मदद से लगभग 60 झुग्गियों व अन्य स्ट्रक्चर को हटाकर बेशकीमती भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
चार टीमों का गठन अलग-अलग जगहों के लिए किया गया।
नगर आयुक्त डॉ नरहरि सिंह बांगड़ ने निगम के चार क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण, अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण से निपटने के लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन किया. सहायक अभियंता अधिकारियों के नेतृत्व में गठित ये टीमें संबंधित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करती हैं और समय-समय पर टीमों के माध्यम से कार्रवाई भी करती हैं. सहायक अभियंताओं को निर्णायक की भूमिका की जिम्मेदारी भी दी गयी.