रक्षाबंधन पर महिलाएं तथा पुलिस भर्ती परीक्षा के मद्देनजर अभ्यर्थी यूपी रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। इसको लेकर रोडवेज ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। हालांकि मुफ्त यात्रा कराना रोडवेज के लिए चुनौती साबित होगी। अधिकारी इन चुनौतियों से निपटने के लिए तैयारियों में जुटे हैं। बरेली रीजन के 23 रूटों पर रविवार से एक सितंबर तक अतिरिक्त बसें चलेंगी। शुक्रवार को परिवहन निगम मुख्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
विज्ञापन
सोमवार को रक्षाबंधन है। रक्षाबंधन पर रविवार रात 12 बजे से 19 अगस्त की रात 12 बजे तक रोडवेज बसों में महिलाएं मुफ्त यात्रा करेंगी। इसके बाद 23, 24, 25, 30 व 31 अगस्त को पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन होना है। भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को भी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इसके लिए उनको अपने प्रवेश पत्र की एक छाया प्रति परिचालक को देनी होगी।
29 से 31 अगस्त तक आला हजरत का उर्स भी होना है। यात्रियों का कई गुना दबाव बढ़ने के कारण इन दिनों रोडवेज को अग्नि परीक्षा से गुजरना होगा। चालक-परिचालकों समेत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है।