बलरामपुर। ट्रेन से 85 रुपये में होने वाली लखनऊ की यात्रा अब लोगों को 250 रुपये में करना पड़ रहा है। कई ट्रेनों का संचालन निरस्त होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। करवा व दीपावली त्योहार पर कारोबार के सिलसिले में व्यापारियों को बाहर जाना पड़ता है। 27 अक्तूबर तक इंटरसिटी एवं बहराइच स्पेशल सहित कई ट्रेनों के संचालन निरस्त कर दी गई हैं।
गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के डोमिनगढ़-जगतबेला के मध्य ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कार्य किया जा रहा है। ऐसे में 27 अक्तूबर तक इंटरसिटी व बहराइच स्पेशल सहित अधिक ट्रेनों का संचालन निरस्त होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। करवाचौथ व दीपावली के त्योहार में लोगों को सामानों की खरीदारी के लिए दिल्ली, लखनऊ व कानुपर जाना पड़ता है। ट्रेनों के निरस्त होने से व्यापारियों की कठिनाई बढ़ गई है। रूट डायवर्जन की कोई भी ट्रेनें यहां नहीं रुक रही हैं। ऐसे में लोगों को रोडवेज बसों का सहारा लेना पड़ रहा है। रोडवेज बस स्टेशन पर लोगों को भीड़ जुट रही है।