यूपी: श्रावस्ती में कक्षा 12 की छात्रा को बनाया गया एक दिन का डीएम । कुर्सी पर बैठते ही छात्रा ने आई शिकायतों को सुना और उनका निस्तारण किया। इस दौरान जिले के बड़े अधिकारी कुर्सी के बगल में ही खड़े रहे। दरअसल मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत शनिवार को चार छात्राओं को एक दिन का अधिकारी बनाया गया है। अफसर बनी चारों छात्राओं ने लोगों की शिकायत सुनी। साथ ही शिकायतों के निस्तारण का निर्देश भी दिया।
राजकीय बालिका इंटर कालेज भिनगा की कक्षा-12 की छात्रा रश्मि कसौधन को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इसके साथ ही उच्च प्राथमिक विद्यालय पटना खरगौरा की कक्षा-आठ की छात्रा प्राची तिवारी को अपर जिलाधिकारी व कक्षा-सात की छात्रा रीना को एक दिन का एसडीएम बनाया गया। इस दौरान एक दिन की डीएम रश्मि कसौधन ने बाकायदा जिला कलेक्ट्रेट की कुर्सी पर बैठकर डाक फाइलों पर हस्ताक्षर किया तथा जनता दर्शन में आए फरियादियों की शिकायत सुनी। इसी तरह अलक्षेन्द्र इण्टर कालेज भिनगा की 12वीं की मेधावी छात्रा राज नन्दिनी को भिनगा कोतवाली का एक दिन का कोतवाल बनाया गया। एक दिन की कोतवाली बनी राज नन्दिनी ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए जनसुनवाई की। जनसुनवाई में भिनगा के मोहल्ला अंसारी निवासी जाहिदा पत्नी अब्दुल रसीद के शिकायती पत्र की जांच के लिए आरक्षी अश्वनी वर्मा को आदेशित किया।