लखनऊ। अधिकतर अस्पतालों और भीड़भाड़ वाली जगहों से मौका देखकर बाइक चुराने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के मुखिया समेत पांच आरोपियों को ठाकुरगंज पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की दस बाइकें भी बरामद की। आरोपियों ने डेढ़ माह पहले गाजीपुर में टीएसआई की बाइक चुराई थी। आरोपी पकड़ में न आएं इसलिए नंबर प्लेट बदल लेते थे।
डीसीपी पश्चिमी ओमवीर सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बीकेटी के बरगदी का निवासी कुलदीप गौतम उर्फ केडी, दिनकरपुर झलऊआ का जितेंद्र गौतम, सत्यम यादव, सतीश मौर्य और मड़ियांव निवासी जतिन गुप्ता है। कुलदीप गिरोह का सरगना है, जो पहले भी चोरी में जेल जा चुका है। इसके खिलाफ विभिन्न जिलों में छह मुकदमे दर्ज है। बीकेटी थाने से गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है, जबकि जतिन मूलरूप से सुल्तानपुर के सुबिहां का रहने वाला है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी किसी को बाइक बेचने जा रहे थे। इनके साथियों की तलाश की जा रही है।