सावन के तीसरे सोमवार को रामनगरी में उमड़ी आस्था की भीड़।


         सावन के तीसरे सोमवार के मौके पर रामनगरी अयोध्या में आस्था का सैलाब उमड पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालु सरयू स्नान कर भगवान राम के पुत्र कुश की ओर से स्थापित सिद्धपीठ नागेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक कर रहे हैं। सबेरे से जलाभिषेक का कार्य चल रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार लगभग तीन लाख से अधिक श्रद्धालु नागेश्वर नाथ पर जलाभिषेक किया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सरयू स्नान कर नागेश्वरनाथ में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं के लिए राम की पैड़ी में छोटे-छोटे बैरिकेड लगाए गए हैं और छोटे-छोटे टुकड़े में ही शिवभक्तों को जलाभिषेक के लिए छोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही सभी तरह के भारी वाहनों का प्रवेश नया घाट से राम की पैड़ी तक पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरयू नदी में भी स्नान के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं। बस्ती गोंडा बाराबंकी से श्रद्धालु बड़ी संख्या में अयोध्या पहुंचे और सावन के तीसरे सोमवार के मौके पर सरयू में स्नान कर जलाभिषेक किया। सावन माह में राम की नगरी भोलेनाथ के जय घोष से गूंज रही है। शिव के प्रिय सावन मास में शिव की आराधना कर के श्रद्धालु प्रसन्न हैं। सुबह 3:00 से ही सरयु में स्नान करने के साथ जलाभिषेक का दौर शुरू हो गया। नागेश्वर नाथ मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु कतार में लगकर भगवान शिव को जल चढ़ा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है। 

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने