अयोध्या से प्रयागराज तक प्रस्तावित ग्रीन फील्ड सिक्स लेन हाईवे निर्माण कार्य के प्रथम चरण में प्रतापगढ़ तक सड़क निर्माण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। हाईवे का मार्ग विधानसभा क्षेत्र अयोध्या के भदोखर और बिरौली गांव से होकर गुजर रहा है लेकिन हाल के दिनों में कन्सलटेंट की ओर से पुराने स्वीकृत एलाइनमेंट को बदलने की कोशिश की जा रही थी। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल ने डीएम निखिल टीकाराम फुंडे से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। किसानों ने कहा कि पहले किसानों की जमीन चौड़ीकरण में ली गई, फिर रिंग रोड में गई और अब अयोध्या से प्रतापगढ़ सिक्स लेन में किसानों की जमीन ली जा रही है। इसमें बिरौली और भदोखर गांव के लगभग 500 घर बहुत ज्यादा प्रभावित हुए। किसानों ने कहा कि पुराने प्रस्ताव के अनुसार गांव के बगल झील से सिक्स लेन मार्ग को निकाला जाना था लेकिन सर्वे के अनुसार अब उसको चेंज करके गांव से निकाला जा रहा है। इसके चलते लगभग 500 घर प्रभावित होंगे। डीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों से बैठक कर समस्या का समाधान निकालेंगे। किसानों ने कहा कि यदि उनके घर गिराए गए तो वह आंदोलन की राह पकड़ेंगे।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों के घर गिरने नहीं दिए जाएंगे। जो झील खाली पड़ी हुई है, उस झील से सिक्स लेन को ले जाया जाए। ग्रामवासियों का कहना है कि अचानक एलाइनमेंट बदलने से बड़ी संख्या में किसानों के परिवार पर बड़ा असर पडेगा और उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो जाएगा।