अयोध्या। कल्याणी नदी के अनारपट्टी घाट के करीब शुक्रवार को नाव पलटने से डूबकर दो किशोरों की मौत हो गई। तीसरे युवक ने तैर कर अपनी जान बचाई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव, एसडीएम विकास धर दुबे, सीओ आशीष निगम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
प्रधान प्रतिनिधि दिनेश रावत ने बताया कि शेरपुर निवासी 14 वर्षीय घनश्याम और 17 वर्षीय सुमित शुक्रवार को बाराबंकी जिले के असंदरा अनार पट्टी गांव में में क्रिकेट खेलने गए थे। जाते समय दोनों किशोर कल्याणी नदी के अनार पट्टी घाट पर बने पुल से होकर गए थे, लेकिन वापस घर लौटते समय दोनों पुल से न होकर कल्याणी नदी के पुराना घाट पर पहुंच गए और वहां घाट पर मौजूद एक नाव पर सवार हो गए।
नदी के बीच पहुंचते ही नाव असंतुलित होकर पलट गई। इस हादसे में नाविक को तौर कर बाहर आ गया, लेकिन घनश्याम और सुमित नदी में डूब गए। कल्याणी नदी में डूबे किशोर की तलाश में एसडीएम और सीओ भी एसडीआरएफ टीम के साथ नाव में सवार होकर आपरेशन में शामिल हुए।