भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद विनय कटियार के महा जिद वाले बयान के बाद बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने अब बड़ी मांग कर दी है। इकबाल अंसारी ने कहा कि धन्नीपुर में मस्जिद की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि वहां पहले से ही बहुत सारी मस्जिदें हैं। उन्होंने कहा कि उस जमीन पर खेती होनी चाहिए। वहां जो भी अनाज पैदा हो, उसे बांटा जाना चाहिए।
इस पहले भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद विनय कटियार ने अयोध्या स्थित आवास पर बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि मुस्लिमों को अयोध्या से बाहर सरयू नदी के पार चले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग यह सोच रहे हैं कि यहां मस्जिद बनवा देंगे, वह संभव नहीं है, उन्हें हम तनख्वाहिया घोषित कर देंगे। धन्नीपुर में मस्जिद का नक्शा खारिज होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें मस्जिद नहीं बनवानी है। वह उनकी महा जिद थी लेकिन अब राम मंदिर बन चुका है तो उन्हें अयोध्या छोड़ देना चाहिए अयोध्या नगरी के अंदर उनका क्या काम है।
इतनें लंबे समय तक अदालत में चले मंदिर-मस्जिद विवाद में 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया था। कोर्ट ने मंदिर के पक्ष में निर्णय दिया था और मुस्लिम समाज को अयोध्या के धन्रीपुर में मस्जिद निर्माण के लिए 5 एकड़ जमीन दी थी। राम मंदिर 22 जनवरी 2024 में ही प्राण प्रतिष्ठा के साथ चालू हो चुका है लेकिन मस्जिद का निर्माण अभी शुरू नहीं हो पाया है।