अयोध्या: उत्तर प्रदेश में अयोध्या के धन्नीपुर गांव में बनने वाली मस्जिद अब नई डिजाइन में नजर आएगी। नया डिजाइन विदेशी आर्किटेक्चर पर आधारित नहीं बल्कि अवधी स्थापत्य से प्रेरित होगा। मस्जिद का ऊपरी हिस्सा गुंबदाकार होगा। विदेशी मस्जिदों की तरह इमारत में शीशे का इस्तेमाल ज्यादा नहीं किया जाएगा। इस बदलाव के कारण ही मस्जिद ट्रस्ट में पुराना नक्शा खुद ही खारिज कर दिया। नया नक्शा जल्द ही अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) के सामने पेश किया जाएगा। यह जानकारी मस्जिद ट्रस्ट के अध्यक्ष जुफर अहमद फारुकी ने दी।
जुफर ने बताया कि हमें अयोध्या विकास प्राधिकरण से नक्शा अस्वीकृत किए जाने की आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, लेकिन हमारी कोई शिकायत भी नहीं है। पहले जमा किया गया नक्शा हम अप्रूव भी नहीं करवाना चाहते थे, इसीलिए मस्जिद ट्रस्ट की ओर से कोई पहल भी नहीं की गई। गौरतलब है कि हाल ही में एक आरटीआई के जवाब में अयोध्या विकास प्राधिकरण ने बताया था कि मस्जिद ट्रस्ट ने नक्शा अप्रूव करने के लिए 2023 में आवेदन एडीए के पोर्टल
पर किया था। सारी एनओसी न अपलोड किए जाने के कारण आवेदन साल भर बाद स्वतः ही रिजेक्ट हो गया।