कैबिनेट बैठक: अयोध्या में बनेगा भव्य मंदिर संग्रहालय, खिलाड़ियों को भी बड़ी सौगात।


      मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लखनऊ में हुई कैबिनेट की बैठक में अयोध्या में भव्य और विश्व स्तरीय मंदिर संग्रहालय के निर्माण के लिए जमीन बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। कैबिनेट निर्णयों के बारे में विस्तार से बताते हुए वरिष्ठ मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि अयोध्या में संग्रहालय के लिए टाटा एंड सन्स ने जमीन बढ़ाने का आग्रह किया था। पहले इसके लिए 25 एकड़ जमीन दी गई थी। अब 52 एकड़ जमीन उन्हें दी जाएगी। इस पर विश्वस्तरीय संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा।
       इसके साथ ही खिलाड़ियों को भी योगी कैबिनेट ने बड़ी सौगात दी है। उनके हक में अहम फैसला हुआ है। अब प्रतियोगिताओं में जाने वाला समय ड्यूटी का हिस्सा माना जाएगा। इस कैबिनेट में रखे गए 20 प्रस्तावों में से 19 को मंजूरी मिली है। एक प्रस्ताव पास नहीं हुआ है। पास हुए प्रस्तावों में तीन औद्योगिक विकास विभाग और दो-दो नगर विकास और आवास विभाग के भी हैं। वित्त, पर्यटन और स्टांप से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली है। प्रदेश के दिव्यांगजनों को बड़ी राहत देते हुए प्रदेश के हर मंडल मुख्यालय पर जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की स्थापना को भी योगी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।

योगी कैबिनेट के सबसे महत्वपूर्ण फैसलों में अयोध्या में एक अत्याधुनिक और विश्वस्तरीय मंदिर संग्रहालय बनाए जाने का फैसला है। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण, रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा और धर्म ध्वजा स्थापना के बाद से अयोध्या में भक्तों और पर्यटकों की संख्या में अभूतपूर्व बढ़ोत्तरी हुई है। वहां एक बड़े सांस्कृतिक संग्रहालय की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब योगी कैबिनेट की मंजूरी के बाद इसके निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली, 2022 के अंतर्गत सेवायोजित खिलाड़ियों द्वारा राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविर आदि में भाग लिए जाने की अवधि और आवाजाही में लगने वाले समय सहित कर्तव्यार्थ व्यतीत अवधि (ड्यूटी) माने जाने जाने संबंधी प्रस्ताव को भी योगी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने