लखनऊ में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। यहां बकएादारों के घर पहुंचकर टीम ने उनसे वसूली की। इसके अलावा कई इलाकों में मकानों पर सीलिंग भी की गई। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को नगर निगम लखनऊ द्वारा गृह कर वसूली को लेकर शहर के विभिन्न जोनों में घर-घर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गृह कर जमा न करने वाले भवन स्वामियों के विरुद्ध सीलिंग और कुर्की की प्रभावी कार्रवाई भी की जा रही है। शुक्रवार को जोन-1 और जोन-8 में चलाए गए अभियानों में नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई भवनों को सील किया और मौके पर ही लाखों रुपये की वसूली भी की।
जोन-1 के अंतर्गत जे.सी. बोस वार्ड क्षेत्र में गृह कर बकाया न जमा करने पर भवन संख्या 47/057, विधानसभा मार्ग पर स्थित एक व्यावसायिक भवन को सील किया गया। यह भवन अतुल चरण व अन्य के नाम दर्ज है, जिसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखाएं संचालित हैं। इस भवन पर कुल बकाया गृह कर की राशि 16,27,147 रुपये थी। सीलिंग की कार्रवाई के पश्चात भवन स्वामी द्वारा तत्काल 4,00,000 रुपये नगर निगम में जमा किए गए, साथ ही 4,00,000 रुपये का अग्रिम तिथि का चेक भी निगम को प्रदान किया गया। इसी जोन 1 में एक अन्य कार्रवाई के तहत फरीदा इकबाल के नाम दर्ज भवन संख्या 118/088-वी, कैंट रोड को भी गृह कर बकाया 4,29,695 रुपये का भुगतान न किए जाने के कारण सील किया गया। इस वसूली अभियान में जोनल अधिकारी अनुराग उपाध्याय, कर अधीक्षक संजय सिंह, राजस्व निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह सहित कर विभाग की टीम मौजूद रही।
Tags
भवन सील।