गाजियाबाद)। तमाम गांव ऐसे हैं, जहां से शहर तक जाने के लिए लोगों को कई बार सोचना पड़ता है। ऐसे में वह शिक्षा, स्वास्थ्य समेत जरूरी सेवाओं से वंचित रह जाते हैं, लेकिन आने वाले दिनों में गांव के लोगों को शहर तक जाने के लिए जूझना नहीं पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन सेवा योजना के तहत बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को विशेष सचिव केपी सिंह ने गाजियाबाद समेत अन्य जिलों के अधिकारियों की बैठक लेते हुए आगे की योजना बनाने के लिए कहा।
सार्वजनिक परिवहन की कोई सुविधा नहीं
वर्ष-2023 में गाजियाबाद रीजन के गाजियाबाद, हापुड़ व बुलंदशहर के 1359 गांवों का सर्वे किया गया था। इसका उद्देश्य इन गांवों को रोडवेज बस सेवा के माध्यम से शहरों से जोड़ा था। इनमें से तमाम गांव ऐसे पाए गए थे, जिनमें सार्वजनिक परिवहन की कोई सुविधा नहीं है। बसें नहीं मिलने से परिवहन निगम हर गांव तक बसों का संचालन नहीं कर पाया। अब इन गावों में केवल परिवहन निगम की ही नहीं, बल्कि अनुबंधित बसों का संचालन भी किया जाएगा। इससे हर गांव को ब्लॉक, तहसील व मुख्यालय स्तर पर जोड़ा जाएगा।