अयोध्या : सीएमओ के औचक निरीक्षण में सीएचसी मवई की खुली पोल ,हटाए गए अधीक्षक।



मवई(अयोध्या) ! जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को पटरी पर लाने के लिए गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई का औचक निरीक्षण किया।करीब डेढ़ घंटे चले निरीक्षण में अस्पताल की व्यवस्थाओं की हकीकत सामने आ गई, जिस पर सीएमओ ने सख्त कार्रवाई करते हुए अधीक्षक को तत्काल उनके पद से हटा दिया और कई डॉक्टरों व कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।हालांकि निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डा0 मदन बरनवाल व दंत चिकित्सक को छोड़कर महिला चिकित्सक डा0 सपना वर्मा सहित अधिकांश डॉक्टर व स्टाफ नर्स अनुपस्थित मिले।इतना ही नही आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी भी ड्यूटी से नदारद पाए गए।जिस पर सीएमओ का गुस्सा मानों सातवें आसमान पर पहुंच गया।सीएमओ के निरीक्षण में अस्पताल की व्यवस्थाएं भी बेहद खराब मिलीं। एक्स-रे कक्ष बंद पाया गया, जबकि नेत्र रोग विशेषज्ञ अनुपस्थित रहे। इमरजेंसी वार्ड में गंदगी और अव्यवस्था देख सीएमओ ने कड़ी नाराजगी जताई। लेबर रूम में आवश्यक उपकरणों की कमी मिली और स्टाफ नर्सों का कार्य भी मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।इसके अलावा साथिया केंद्र पर ताला लटका मिला और आरबीएसके से जुड़े सभी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अस्पताल परिसर में फैली गंदगी पर भी सीएमओ ने फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।गंभीर लापरवाही को देखते हुए सीएमओ ने अधीक्षक डा0 मदन बरनवाल को तत्काल प्रभाव से पद से हटाकर जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया, जबकि अनुपस्थित डॉक्टरों और कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए।सीएमओ डा0 भिटौरिया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही अनुशासनहीनता या निजी प्रैक्टिस बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।निरीक्षण के बाद सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उमापुर भी पहुंचे, जहां चिकित्सक उपस्थित मिले, लेकिन साफ सफाई की स्थिति खराब मिलने पर संबंधित कर्मियों को सुधार के निर्देश दिए गए।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने