लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसों और स्थानीय लोगों केआवागमन में सुरक्षित व्यवस्था के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा जल्द काम शुरू होगा। बाराबंकी जिले की सीमा में हाईवे पर दो ओवर ब्रिज और दो अंडर पास बनना लगभग तय हो चुका है। सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही अक्टूबर माह से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। जिसका बजट लगभग 170 करोड़ बताया जा रहा है।
इस परियोजना में चार स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां लगातार बढ़ते यातायात और सड़क पार करने के दौरान होने वाले हादसों को देखते हुए इसे बनाया जाना अनिवार्य है। योजना के तहत सफेदाबाद और सफदरगंज चौराहा पर ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे, तथा सफदरगंज के दादरा और रामसनेहीघाट में भिटरिया में अंडर पास का निर्माण होगा।