लखनऊ में रोडवेज के ड्राइवर- कंडक्टरों का प्रदर्शन, बसों के पहिए थमने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी।


           लखनऊ:उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग और यूपी रोडवेज की नीतियों से परेशान चालक - परिचालकों ने राजधानी लखनऊ के अवध बस स्टेशन पर बसों का संचालन ठप कर दिया। बसों के पहिए थमने से यात्रियों को भारी परेशानियों को सामाना करना पड़ रहा है. दरअसल अवैध वाहनों के संचालन के चलते रोडवेज को काफी घाटा उठाना पड़ रहा है। सरकारी बस की सवारियों को भी वो लोग छीन ले जाते हैं. संविदा के चालक परिचालक लोड फैक्टर नहीं ला पाते हैं तो उनसे रिकवरी होती है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर मंगलवार को चालक -परिचालकों का आक्रोश भड़क उठा।
          रोडवेज के चालक-परिचालकों का आरोप है कि बस स्टेशन के मुख्य द्वार के सामने किए गए डायवर्जन की वजह से परिवहन निगम की बसें यात्रियों तक नहीं पहुंच पा रही हैं साथ ही बस स्टैंड के सामने से बस स्टैंड तक यात्री भी नहीं पहुंच पाते। जिन स्थानों पर रोडवेज बसों को यात्रियों को लेने के लिए पहुंचना चाहिए, वहां निजी बसें और प्राइवेट कारें पहुंच रही हैं. ऐसे हालात में परिवहन निगम के साथ साथ चालक-परिचालकों की आय पर भी असर पड़ रहा है।
            परिवहन विभाग के कर्मचारियों का आरोप है कि निर्धारित आय पूरी नहीं होने पर उनके वेतन से कटौती की जाती है. इसी कटौती को रोकने और 50 प्रतिशत आय की बाध्यता खत्म करने की मांग को लेकर ड्राइवर कंडक्टर लगातार विरोध जता रहे हैं.

कर्मचारियों का आरोप है कि आला अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं. पुलिस प्रशासन और कर्मचारियों के बीच लगातार तनातनी की स्थिति बनी हुई है। बसों का संचालन ठप होने से यात्रियों को सफर करने में मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं हंगामा होने के बाद परिवहन निगम के अधिकारी अब कर्मचारियों की मांगों पर निर्णय लेने की बात कह रहे हैं।

           लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन का कहना है कि प्रदर्शन कर रहे चालक परिचालकों से बातचीत की जा रही है। बस संचालन जल्द शुरू कर दिया जाएगा।  जहां तक अवैध वाहनों की वजह से रोडवेज का संचालन प्रभावित होने की बात है तो संयुक्त अभियान चलाकर रोक लगाई जाएगी

 ऐसे प्रभावी कदम उठाए जाएंगे जिससे रोडवेज को नुकसान न हो और चालक परिचालक की इनकम पर असर न पड़े।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने