उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की गौरीगंज विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर लगातार तीन बार विधायक रहे राकेश प्रताप सिंह ने आगामी 14 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा की है। उन्होंने सपा पर परिवारवाद और जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ने की वजह बताई।
राकेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को कहा कि जहां भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया जाए, रामचरितमानस जलाने और फाड़ने की घटनाएं हों, राष्ट्र और समाज के बजाय जाति और परिवार की चिंता की जाए, वहां राजनीति करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा, 'करीब तीन वर्ष पहले उन्होंने गौरीगंज में एक धार्मिक मंच से कहा था कि चाहे वह विधायक रहें या नहीं, टिकट मिले या नहीं और राजनीति रहे या नहीं, लेकिन रामचरितमानस जलाने-फाड़ने, तुलसीदास की लेखनी पर सवाल उठाने तथा सनातन और हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के साथ राजनीति नहीं की जा सकती।
भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनके साथ व्यक्तिगत संबंध रखने वाले करीब 90 प्रतिशत लोग भी भाजपा की सदस्यता लेंगे। उन्होंने दावा किया कि बूथ और पोलिंग स्तर पर काम करने वाले उनके समर्थक भी उनके साथ भाजपा में शामिल होंगे। राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि 14 अक्टूबर को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश सरकार के मंत्री प्रतिभा शुक्ला, कृष्णा पासवान, दारा सिंह चौहान, मयंकेश्वर शरण सिंह समेत कई राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी में वह भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने अयोध्या के महापौर से भी कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया है। दावा किया कि सपा विधायक अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी भी उनके साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे।