पडरौना। नगरीय इलाकों तक रोडवेज बसाें के संचलन की सुविधा होने के बाद परिवहन निगम अब ग्रामीण इलाकों में बस की सुविधा मुहैया कराने की तैयारी कर रही है। विभाग का मानना है कि इससे शहर व गांव के बीच की दूरी कम होगी और लोगों को सहूलियत मिलेगी। निगम की आमदनी में भी इजाफा होगा। परिवहन निगम ने प्रमुख इलाकों को चिन्हित कर शासन को पत्र भेजा है जिससे कि इन जगहों पर शीघ्र बसों का संचलन शुरू कराया जा सके।
जिला व तहसील मुख्यालयों के बाद परिवहन निगम का प्रयास अब ब्लाक मुख्यालय से बस सेवा शुरू करने को है। परिवहन निगम की तरफ से इस आशय का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जिले के सभी 14 ब्लाक मुख्यालयों तथा अन्य प्रमुख कस्बों से भी सरकारी बसों की सेवा शुरू हो जाएगी।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जयप्रकाश प्रधान के अनुसार परिवहन निगम की प्राथमिकता अब पिछड़े क्षेत्रों में भी लोगों को सुगम यात्रा की सुविधा मुहैया कराना है। इसे देखते हुए ब्लाक मुख्यालयों को बस सेवा से जोड़ने की बात चल रही है। बीते दिनों शासन को प्रस्ताव भेजकर ब्लाक मुख्यालयों से बस सेवा शुरू करने की अनुमति मांगी गई थी, जिस पर शासन का रुख सकारात्मक है। अब तक जिला मुख्यालय तथा तहसील मुख्यालय तक बस की सुविधा थी।
डिपो में हैं कुल 35 बसें।
पडरौना डिपो में 21 बड़ी तथा 14 छोटी सहित कुल 35 बसों का संचलन होता है। इसमें गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर व दिल्ली के लिए नियमित सेवाएं हैं, जबकि गोंडा, उन्नाव, बांदा, बहराइच, कानपुर सहित आधा दर्जन डिपो की बसें नियमित रूप से यहां पहुंचती हैं।