अयोध्या। विकास प्राधिकरण अयोध्या ने सोमवार को अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। अभियान के अंतर्गत एडीए की प्रवर्तन दल टीम ने लगभग 435 बिस्वा में कराई गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कराया। इस दौरान कल्याण भदरसा , नंदीग्राम कल्याण भदरसा भदोखर एवं नंदीग्राम भदरसा में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हुई।
कार्रवाई की चपेट में आई सभी अवैध प्लॉटिंग का ले-आउट प्राधिकरण से स्वीकृत नहीं कराया गया था। विकास प्राधिकरण ने विस्तारित क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग करने वाले अखिलेश यादव, करमजीत सिंह, डब्बू सिंह, सूरज, ध्रुव मौर्य, प्रमोद वर्मा, इमरान खान व राजीव गुप्ता का नाम भी अपने पत्र में उल्लेख किया है।
एडीए सचिव एवं प्रवर्तन दल अधिकारी राजेश मिश्रके अनुसार एडीए की ओर से प्राधिकरण क्षेत्र में कराई जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए अवर अभियंताओं को क्षेत्र भ्रमण करने के दौरान मिलने वाली अवैध प्लॉटिंग को चिन्हित कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
सचिव का कहना है कि भूखंडों की खरीदारी करने से पहले लोग प्राधिकरण से उसकी जांच पड़ताल अवश्य करें। सचिव ने कहा कि प्राधिकरण सीमा के अंतर्गत बगैर लेआउट स्वीकृत कराए हो रहे अनियोजित विकास के खिलाफ ध्वस्तीकरण अभियान आगे भी जारी रहेगा।