सोहावल,अयोध्या। विकासखंड की ग्राम पंचायत सारंगापुर के मजरे बिसौली गांव में विधायक शोभा सिंह ने गाँव के बीच पड़ी बहु उपयोगी सड़क परिक्रमा मार्ग के डामरीकरण की सौगात देते हुए निर्माण कार्य शुरू भी करवा दिया, जिससे बिसौली वासियों में हर्ष का माहौल है।
ज्ञातव्य हो कि इस गांव के ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने लगभग 800 मीटर काली सड़क बनवाने के लिए 15 लाख रुपए शासन से अवमुक्त कराये थे। लेकिन गांव के कुछ दबंग व्यक्तियों ने उस सड़क का निर्माण निश्चित स्थान की जगह गांव के बाहर करवाने की शुरुआत करा दी। सड़क दूसरी जगह बनती देख ग्रामीणों ने विक्रांत गोस्वामी, हरिशंकर गोसवामी, राजेन्द्र गोस्वामी आदि के नेतृत्व में महोली गाँव पहुँचकर विधायक प्रतिनिधि डॉ अमित सिंह चौहान से शिकायत करते हुए बताया निश्चित स्थान पर सड़क न बनने से उसका कोई उपयोग नहीं हो पाएगा।
विधायक प्रतिनिधि ने इस बात का त्वरित संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता सूर्य प्रसाद श्रीवास्तव को मौके का निरीक्षण करने भेजा। मौके पर पहुंचे सूर्यप्रसाद श्रीवास्तव ने ग्रामीणों की मांग को जायज मानते हुए लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता व ठेकेदार को तुरंत मौके पर बुलाकर परिक्रमा मार्ग के निर्माण की शुरुआत करा दी। डॉ अमित सिंह चौहान के इस निर्णय से बिसौली के ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।