राज्य ब्यूरो, लखनऊ: प्रदेश के लोग अब वाट्सएप के जरिये सीधे मुख्यमंत्री आफिस के साथ संवाद कर सकेंगे। इसके लिए चीफ मिनिस्टर आफिस, उत्तर प्रदेश नाम से वाट्सएप चैनल की शुरुआत की गई है। इस चैनल से जुड़ने वाले लोग आसानी से अपनी बात मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकेंगे।
आम नागरिकों से संवाद स्थापित करने के लिए वाट्सएप चैनल का उपयोग करने वाले योगी आदित्यनाथ पहले मुख्यमंत्री हैं। इंटरनेट मीडिया एक्स पर मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक हैंडल (@CMOfficeUP) ने शनिवार को एक पोस्ट में लिखा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक 'एक परिवार' हैं।
इस चैनल के जरिए कर सकते हैं संवाद
प्रदेश सरकार 'परिवार' के प्रत्येक सदस्य की खुशहाली एवं समृद्धि के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। संवाद को लोकतंत्र की आत्मा मानने वाले मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सहज संवाद के लिए संचार के सशक्त व सरल माध्यम वाट्सएप को चुना है।
इसके लिए Chief Minister Office, Uttar Pradesh नाम से आधिकारिक वाट्सएप चैनल शुरू किया गया है। संवाद का यह नया प्रभावशाली मंच प्रदेश सरकार से जुड़ी जनहित की सूचनाएं त्वरित प्रदान करेगा। इस चैनल से कोई भी व्यक्ति जुड़ सकता है।