बिजनौर। शादीपुर डल्ला के मंदिर में कूमल लगाने और मूर्ति खंडित होने के मामले में आरोपियों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। खुलासे में नाकाम रहने पर हल्का दरोगा और सिपाही पर गाज गिरी है। एसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया है। उधर मंदिर के आसपास पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए गए हैं।
शहर कोतवाली में तैनात दरोगा यशपाल सिंह और सिपाही दिलशाद को एसपी नीरज कुमार जादौन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने को लेकर इन्हें निलंबित किया गया है, वहीं पूरे मामले की जांच सीओ नजीबाबाद को सौंपी गई है। बता दें कि शहर कोतवाली के गांव शादीपुर डल्ला के जंगल में शिव मंदिर (देवस्थल) है। इस मंदिर में रात में शरारती तत्वों ने कूमल लगाया।दीवार की ईंट अंदर की ओर गिरने से भगवान शिव की मूर्ति खंडित हुई, जबकि भगवान गणेश की मूर्ति गायब मिली। इस मंदिर में कुछ दिन पहले भी तोड़फोड़ का प्रयास किया गया था। जिसके बाद से पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी।
हल्का दरोगा और सिपाही को कमेटी के संपर्क में रहते हुए निगरानी करने के निर्देश दिए गए थे। उधर, पुलिस और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से मंदिर परिसर की चारदीवारी भी कराई जा रही है। ऐसे में फिर से तोड़फोड़ हो जाने पर हल्का दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर के आस पास सीसीटीवी लगवा दिए गए हैं। जिससे यह पता लग सके कि गांव का माहौल कौन खराब करने की कोशिश कर रहा है।