फतेहपुर। तालाब पर खड़े हो रहे मकान, राजस्व अफसर हैं अंजान शीर्षक से मंगलवार के अंक में प्रकाशित दैनिक जागरण की खबर का डीएम सी. इंदुमती ने संज्ञान लेकर बड़ी कार्रवाई करा दी। बुधरामऊ गांव में तालाब और बंजर खाते की भूमि में मिट्टी भरकर दुकानें बनाने का सिलसिला जारी था, दोपहर बाद राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम पहुंची।
निर्मित हो रही छह दुकानों को बुलडोजर (बैकहो लोडर लगाकर जमींदोज कर दिया। वहीं गांव सभा की अन्य सरकारी जमीनों पर कब्जेदारों की सूची तैयार करने का काम शुरू किया। नायब तहसीलदार रजनीश श्रीवास्तव, कानूनगो राम आसरे और लेखपाल रमाकांत मिश्र असोथर थानाध्क्ष विनोद कुमार मौर्य के साथ बुधरामऊ गांव पहुंचे। यहां राजकरन मिश्र द्वारा छह दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था।
कागज न मिलने पर टीम ने ढहाया अवैध निर्माण
टीम ने दुकान निर्माण वाली जगह के दस्तावेज मांगे तो निर्माण कर्ता नहीं दिखा सके। कहा क पुरखों के समय से उक्त जमीन पर कब्जा है। जिस पर राजस्व टीम ने जांच करते हुए इसे सरकारी खाते की जमीन करार दिया और तत्काल बुल्डोजर लगाकर दुकाने ढहा दी।