गोरखपुर। भगवान नरसिंह की शोभायात्रा मंगलवार को कड़ी सुरक्षा में निकलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ परम्परागत रूप से शोभायात्रा में शामिल होते हैं।।
इसको लेकर घंटाघर व आसपास के क्षेत्र में पुलिस हाई अलर्ट पर है। एनएसजी व एटीएस के कमांडो ने मोर्चा संभाल लिया है। सोमवार को अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए पूर्वाभ्यास किया।
पांच किमी लंबी इस शोभयात्रा का नेतृत्व गोरक्षपीठाधीश्वर करते हैं। रास्ते में पड़ने वाले घरों की छतों से शहरवासी उन पर रंग बरसाते हैं। इस बार पीठाधीश्वर मुख्यमंत्री भी हैं, लिहाजा पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। सोमवार से ही पुलिस शोभायात्रा मार्ग की सुरक्षा में मुस्तैद हो गई।
सादे कपड़े में भी पुलिस के जवान लगाए जा रहे हैं। शोभायात्रा को सुरक्षा के लिहाज से शहर को सात जोन और 19 सेक्टर में बांटा गया है। शोभायात्रा मार्ग के दोनों तरफ स्थित घरों, दुकानों पर सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।