प्रतापगढ़: तालाब की जमीन के अतिक्रमण पर चलाया गया बुलडोजर।

         नगर पंचायत में धारूपुर मार्ग के किनारे तालाब की जमीन पर हुए अतिक्रमण को प्रशासन ने पुलिस फोर्स की मौजूदगी में बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा। तनाव को देखते हुए पुलिस मुस्तैद रही।
         तालाब के गाटा संख्या 672 पर तोखा का पुरवा के रहने वाले अमृतलाल मौर्य ने अवैध कब्जा कर होटल खोल रखा था। जिसे लेकर पड़ोसी रामसेवक बराबर शिकायत करता रहा। अधिकारियों द्वारा इस पर ध्यान न दिए जाने के कारण विरोधी ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की। सुनवाई के उपरांत उच्च न्यायालय के तालाब की जमीन खाली कराने का निर्देश दिया था। जिसके अनुपालन में शुक्रवार को कुंडा तहसीलदार अजय कुमार सिंह, कानूनगो राजस्व टीम व बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे। साथ में जेठवारा पुलिस भी पहुंच गई। पैमाइश के बाद प्रशासनिक अमले ने बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त करा दिया। इस दौरान तमाशबीन जुटे रहे। तहसीलदार अजय कुमार सिंह ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर तालाब की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। कोई भी यदि तालाब की जमीन पर कब्जा करेगा तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने