महाकुंभ के चलते प्रयागराज से लेकर वाराणसी और फिर अयोध्या हर जगह लोगों की भारी भीड़ दिख रही है. घंटों लाइन में खड़े होकर लोग भगवान के दर्शन कर रहे हैं. इसी कड़ी में अयोध्या में रामलला के भक्तों की श्रद्धा लगातार देखने को मिल रही है. राम मंदिर में भक्तों ने दान देने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
पिछले 20 दिनों में इतनी बड़ी मात्रा में दान आया है कि उसकी गिनती तक पूरी नहीं हो पाई है. श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुताबिक, बीते एक साल में राम मंदिर के अलग-अलग दान काउंटरों पर 700 करोड़ रुपये से अधिक का दान आया है।
मंदिर परिसर में दान
भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा के मुताबिक, बीते 20 दिनों में श्रद्धालुओं ने इतनी बड़ी मात्रा में दान दिया है कि उसकी गिनती संभव नहीं हो पा रही है। लाखों की संख्या में भक्त अयोध्या पहुंच रहे हैं, और कई श्रद्धालु ऐसे भी हैं जो दान पात्र तक न पहुंच पाने के कारण मंदिर परिसर में ही अपनी श्रद्धा स्वरूप धनराशि चढ़ा रहे हैं।