काकोरी में बत्ती गुल होने पर बवाल असलहे के दम पर चालू कर दी सप्लाई
काकोरी में बिजली गुल होने से नाराज लोग जबरिया उपकेंद्र में घुस गए। खुद सप्लाई चालू कर दी। इससे बिजली दुरुस्त कर रहे कई कर्मचारियों की जान को खतरा हो गया। 14 तारीख की इस घटना में जूनियर इंजीनियर की तहरीर पर मंगलवार को मुकदमा दर्ज किया गया। बिजली विभाग के अफसरों के अनुसार पावर कट होने की स्थिति में हंगामे और प्रदर्शन की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। जबरदस्ती असलहा लहराकर पावर सप्लाई चालू करने का मामला पहली बार सामने आया है।
लेसा के एफसीआई उपकेंद्र में 14 मार्च की रात करीब तीन बजे ब्रेकडाउन हुआ था। इससे बड़े इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। इससे परेशान लोगों ने उपकेंद्र पर फोन किया, लेकिन कर्मचारियों ने सकारात्मक जवाब नहीं दिया। इस पर पतौरा निवासी रामबक्श भड़क गया और फोन पर ही गालीगलौज देने लगा।
उसके थोड़ी देर बाद असलहा लेकर वह साथियों के साथ उपकेंद्र पहुंचा और कर्मचारी राज यादव व रज्जन के साथ मारपीट करने लगा। थोड़ी ही देर में बवाल बढ़ाने के बाद कर्मचरियों ने उसे उपकेंद्र से बाहर निकलने का प्रयास किया किंतु उग्र उपभोक्ता खुद ही बिजली सप्लाई चालू करने की कोशिश करने लगा। परिचालक के मुताबिक फोन कटने के करीब 20 मिनट बाद ही राम बक्श और बबली कुछ लोगों के साथ उपकेंद्र आ धमके और असलहा तानते हुए धमकी दी।
बंद फीडर को चालू कर दिया, हादसा होने से बचा
राम बक्श और बबली ने उपकेंद्र के कर्मचारियों को धक्का देकर खुद ही 11 केवी फीडर को खुद चालू कर दिया। इससे हादसे की स्थिति उत्पन्न हो गई। समय रहते परिचालक राज यादव ने मुख्य सप्लाई काट दी। इसके बाद डॉयल 112 पर कॉल कर मदद मांगी। पुलिस को सूचना दिए जाने की जानकारी मिलते ही आरोपित भाग गए। इंस्पेक्टर नवाब अहमद ने बताया कि जेई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।