अब योगी सरकार रामनगरी में दीपोत्सव गांव बसाने जा रही है। इसके लिए भूमि भी चिह्नित कर ली गई है। यह गांव वन गमन के दौरान भगवान राम के प्रथम विश्राम स्थल रामचौरा गौराघाट पर बसाया जाएगा।
यह स्थल तारुन ब्लाक की गयासपुर ग्रामसभा से सट कर बहने वाली पौराणिक नदी ‘तमसा’ के तट पर स्थित है। यहां पर दीपोत्सव के लिए दीपों की आपूर्ति करने वाले कुम्हारों को बसाने की योजना है। दीपोत्सव गांव की पहचान कुम्हारों से होगी। इसके निर्माण के लिए करीब ढाई करोड रुपये आवंटित किए गए हैं।
यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। गत कई माह से अधिकारियों की टीम जिले भर में भ्रमण कर भूमि की तलाश कर चुकी है, लेकिन प्राथमिकता भगवान राम के प्रथम विश्राम स्थल रामचौरा गौराघाट को मिली। गांव बसाने के बाद दीपोत्सव के लिए दीपों की आपूर्ति भी इसी गांव से कराने की योजना है।
यह पर्यटकों के लिए दर्शनीय स्थल होगा। कुम्हारों की जीवन शैली को यहां आकर देखा व महसूस किया जा सकेगा। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता के निजी सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार दीपोत्सव विलेज के लिए सहायक अभियंता रत्नेश कुमार, अर्बन आर्किटेक्ट लखनऊ के अंकित शुक्ल ने इस गांव को बसाने के लिए पर्यटन विभाग की भूमि तय कर दी।