गोंडा: सरयू तट पर उमड़े लाखों कांवड़िये।


        करनैलगंज/खरगूपुर/गोंडा। करनैलगंज का सरयू घाट सोमवार को शिवमय हो गया। हर तरफ हर हर बम बम गूंज रहा है। रिमझिम फुहारों के बीच जहां तक नजर जा रही थी कांवड़िये ही नजर आ रहे हैं। कोई सरयू से पवित्र जल भर रहा है तो कोई पूजन में लीन है। एक तरफ कांवड़ियों के जत्थे जल लेकर रवाना हो रहे हैं तो दूसरी तरफ उससे भी अधिक संख्या में घाट पर पहुंचे। ऐसे में हर तरफ केसरिया रंग ही नजर आ रहा है। शहर से गांव तक कजरी तीज की रौनक रही। श्रद्धालु शिवभक्ति में लीन हैं। पूरा गोंडा बम बम बोल रहा है।
         सरयू घाट पर रविवार रात से ही कांवड़िये उमड़ने लगे थे। सोमवार को लाखों कांवड़ियों ने सरयू में स्नान किया और जल भरकर रवाना हो गए। देर रात तक कांवड़ियों का आना-जाना जारी रहा। कांवड़िये खरगूपुर के ऐतिहासिक पृथ्वीनाथ मंदिर, शहर के दुखहरणनाथ, करनैलगंज के बरखंडीनाथ, बालेश्वनाथ, मनकापुर के करोहानाथ आदि शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। कजरी तीज मेला सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें सक्रिय हैं। जगह-जगह पुलिस की टुकड़ियां तैनात की गई हैं। सीसीटीवी व ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जा रही है।
कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर सरयू घाट पर स्टीमर, मोटरबोट के साथ ही नावें लगाई गई हैं। जल पुलिस के साथ ही गोताखोर मुस्तैद हैं। जगह-जगह बैरिकेडिंग कराई गई है। अयोध्या से भी बड़ी संख्या में कांवड़िये जल लेकर विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। सोमवार को नगर के अंबेडकर चौराहे से बड़ी संख्या में कांवड़िये रवाना हुए। कांवड़ियों के रूट पर जगह-जगह डीजे पर भोलेनाथ के भजन गूंज रहे हैं। जगह-जगह भंडारे की व्यवस्था की गई है। परसपुर के भौरीगंज से भी कांवड़ियों का जत्था जलाभिषेक के लिए रवाना हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद

और नया पुराने