मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो दिवसीय काशी प्रवास पर शनिवार को रवानगी से पहले 'जनता दर्शन' का आयोजन किया। योगी एक-एक फरियादी के पास पहुंचे। उन्होंने 102 फरियादियों की शिकायत सुनने और प्रार्थना पत्रों के अवलोकन के बाद पुलिस कमिश्नर औऱ डीएम को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
सर्किट हाउस में सुबह आठ बजे 'जनता दर्शन' शुरू हुआ। इससे पूर्व फरियादियों को भवन के नीचले तल के सभागार में बैठाया गया था। जनता दर्शन में पहुंचे मुख्यमंत्री एक-एक फरियादी की कुर्सी तक पहुंचे और उनसे शिकायतें और समस्याएं जानीं। उन्होंने साथ चल रहे मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, डीएम सत्येंद्र कुमार को प्रार्थना पत्र देते हुए कार्यवाही के लिए विभागों को निर्देश देने के लिए कहा।
उधर जनता दर्शन की जानकारी पर सर्किट हाउस के गेट पर आमजन की भीड़ उमड़ पड़ी। भोजूबीर-सर्किट हाउस मार्ग में दो-दो स्थानों पर बैरीकेडिंग के बाद भी अपनी समस्याओं को रखने के लिए लोग पहुंचे थे। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री से मिलकर वे भी अपनी बात रखना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ सर्किट हाउस में पत्रकार केके शर्मा की पुस्तक 'काशी के द्वदश ज्योतिर्लिंग' का भी विमोचन किया।
Tags
जनता दर्शन काशी