अयोध्या। बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी से स्थिति खराब होने के दृष्टिकोण से शहर के पहले हीट एक्शन प्लान को अगले साल मार्च-अप्रैल से लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए नगर निगम नेचुरल रिसोर्सेज डिफेंस काउंसिल (एनआरडीसी) और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ-गांधीनगर (आईआईपीएच-जी) के साथ एमओयू कर चुका है। इस संबंध में तैयारियों को आगे बढ़ाने के लिए 19 सितंबर को विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बैठक होगी।अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार ने एनआरडीसी के अध्यक्ष व सीईओ मनीष बापना, भारत प्रमुख दीपा सिंह बगई और आईआईपीएच-जी के निदेशक डॉ. दीपक बी सक्सेना के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे। हीट वेव की तीव्रता और आवृत्ति में लगातार वृद्धि के मद्देनजर इस पहल के माध्यम से शहर के स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर गर्मी के प्रभाव से सुरक्षा और लचीलापन बढ़ाने का लक्ष्य है।
नगर निगम एनआरडीसी और आईआईपीएच-जी की ओर से देश के विभिन्न शहरों में विज्ञान आधारित हीट एक्शन प्लान तैयार करने के दशक भर के अनुभव का लाभ उठाएगा।