अयोध्या में 19 अक्तूबर को दीपोत्सव-2025 के दौरान 26 लाख से अधिक दीए जलाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की जा रही है। पर्यटन विभाग द्वारा सरयू तट, राम की पैड़ी सहित अन्य घाटों पर दीपों की श्रृंखला से अलौकिक दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि विभागीय तैयारियां तेजी से चल रही हैं। उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद दूसरे दीपोत्सव को भव्यता और दिव्यता से मनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
राम की पैड़ी सहित अन्य घाटों पर इस बार 26 लाख से अधिक दीपों को प्रज्वलित कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। सरयू तट पर अब तक की सबसे बड़ी आरती का आयोजन भी होगा, जिसमें 1,100 से अधिक धर्माचार्य, संत-महात्मा और नगरवासी सम्मिलित होंगे। आयोजन से तीन दिन पहले से स्थल पर तैयारी शुरू होगी। गिनीज मानकों के अनुसार डिजाइन आदि से संबंधित समन्वय स्थापित किया जाएगा। पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस दौरान छात्र-स्वयंसेवक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के सफल संचालन में सहयोग करेंगे। ये स्वयंसेवक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के मानकों के अनुरूप दीपों की सजावट, प्रज्वलन, गिनती और सत्यापन की जिम्मेदारी निभाएंगे। जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या दीपोत्सव-2025 के दौरान गिनीज रिकॉर्ड प्रयासों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन, अवध विश्वविद्यालय और अन्य संस्थाओं के बीच लगातार समन्वय किया जाएगा। सारे रिकॉर्ड की पुष्टि के बाद मुख्यमंत्री को पर्यटन मंत्री सहित अन्य मंत्रियों की उपस्थिति में प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। अद्भुत झांकिया भी रौनक बढ़ाएंगी।
Tags
दीपोत्सव